|

GTA हिल्स में दूसरा दागोपाप : प्रवीण गुरुंग

कालिम्पोंग. क्षेत्रीय प्रशासन पहाड़ में दूसरा दागोपाप है। इससे विकास की जो बातें की जा रही हैं, ऐसा कुछ भी यहां नहीं होगा। सही मायने में आने वाले दिन यहां के लोगों के लिए और भी मुश्किलों से भरे हुए होंगे। यह बातें रविवार को पत्रकारों से बातचीत के दौरान दार्जिलिंग डुवार्स पीपुल्स फोरम के महासचिव प्रवीण गुरुंग ने कही। उन्होंने कहा कि मोर्चा के अंदर वास्तव में अस्तित्व संकट आ गया है और कुछ दिनों बाद यह तेज हो जाएगा। इस दल के नेताओं ने पहाड़ की जनता को धोखा दिया है और इस बात को यहां के लोग कभी भी भूल नहीं पाएंगे। मोर्चा ने चुनाव के दौरान लोगों से कहा था कि वह चुनाव जीतने के बाद सबसे पहले विधानसभा में अलग राज्य गोरखालैंड के लिए लड़ाई लड़ेगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। यह पार्टी प्रदेश सरकार के इशारे पर चल रही है और हिल्स की जनता इस बात को समझ चुकी है। इस पार्टी से जुड़े नेता व कार्यकर्ता गोरखा समुदाय की भावना की कद्र नहीं करते हैं। ऐसा होता तो मोर्चा ने अभी तक अलग राज्य के आंदोलन शुरू कर दिया होता। उन्होंने बताया कि फोरम के कार्यकर्ता जीटीए के सभी पहलुओं का जायजा लेंगे और इसकी रिपोर्ट सार्वजनिक की जाएगी। इसके बाद जनता मोर्चा के भविष्य का फैसला करेगी और अपना रुख इस पार्टी के लिए तय करेगी। उन्होंने गोरखा जनमुक्ति मोर्चा पर आरोप लगाया कि जीटीए के गठन से एक बात यह भी साबित होती है कि इस पार्टी ने पहाड़ में जो भी आंदोलन किये, वह गोरखालैंड नहीं बल्कि निजी स्वार्थ व जीटीए के लिए किये थे। यह सब सुनियोजित था और इसका खामियाजा इस समय यहां की जनता को भुगतना पड़ रहा है।

Posted by Unknown on 12:05. Filed under , , . You can follow any responses to this entry through the RSS 2.0. Feel free to leave a response

0 comments for "GTA हिल्स में दूसरा दागोपाप : प्रवीण गुरुंग"

Leave a reply