|

मारे गए लोगों को 5 लाख का मुआवजा - पवन चामलिंग

गंगटोकभूकंप के चलते सिक्किम में एक लाख इमारतों को नुकसान पहुंचा है। भूकंप से सबसे ज़्यादा प्रभावित राज्य सिक्किम के मुख्यमंत्री पवन कुमार चामलिंग ने भूकंप में मारे गए लोगों के परिजनों को 5 लाख का मुआवजा देने के ऐलान किया है। सिक्किम के बड़े हिस्से में भारी बारिश के चलते राहत और बचाव के काम में रुकावट आ रही है। पेंगॉन्ग और चुंगटान्ग के बीच सड़क पूरी तरह से बर्बाद हो गई है। भूकंप, भूस्खलन और बारिश के चलते बागडोरा-गंगटोक राजमार्ग कई जगहों पर बंद हो गया है। दिल्ली से एनडीआरएफ की पांच टीमें और कोलकाता से पांच टीमें सिक्किम भेजी गई हैं। इसके साथ ही 20 डॉक्टरों की टीम दिल्ली से भेजी गई है। सड़कों की खस्ताहालत के चलते 403 राहत कर्मी बागडोगरा में फंसे हुए हैं। सिक्किम को देश के अन्य हिस्सों से जोड़ने वाला मुख्य राजमार्ग 31ए भूकंप के बाद भूस्खलन से कई जगहों पर बंद हो गया है।

सिक्किम में राहत और बचाव के काम में सेना के 5000 जवान जुटे हुए हैं। सड़क को दुरुस्त करने के लिए सेना के इंजीनियरों के 25 कंपोनेंट को लगाया गया है। 4 हल्के और पांच चीता हेलीकॉप्टरों को राहत के काम के लिए तैयार रखा गया है। सीमा सड़क संगठन के कर्मचारी भी राजमार्ग को साफ करने में जुटे हुए हैं, लेकिन बारिश की वजह से इसमें दिक्कत पेश आ रही है। सिक्किम में आईटीबीपी के 700 जवान भी राहत और बचाव के काम में जुटे हुए हैं। यहां आईटीबीपी ने 350 गांव वालों और 22 सैलानियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया है। सिक्किम में भूकंप से प्रभावित करीब 2 हजार लोगों के लिए भोजन, कंबल और ठहरने की जगह का इंतजाम किया गया है।

Posted by Unknown on 01:26. Filed under , . You can follow any responses to this entry through the RSS 2.0. Feel free to leave a response

0 comments for "मारे गए लोगों को 5 लाख का मुआवजा - पवन चामलिंग"

Leave a reply