|

सिक्किम भूकम्प में मरने वालो की तादाद बढ़कर 78 हुई

गंगटोक। सिक्किम में आए विनाशकारी भूकम्प में मरने वालों की संख्या गुरुवार को बढ़कर 78 हो गई। इस बीच कई स्थानों पर भूस्खलन से इस राज्य का शेष भारत से सम्पर्क कटा हुआ है। एक सरकारी अधिकारी ने बताया कि मरने वालों की संख्या और बढ़ सकती है क्योंकि बचावकर्मी भूस्खलन के कारण उत्तरी सिक्किम के कुछ भीतरी इलाकों तक नहीं पहुंच पाए हैं। उन्होंने कहा, "मरने वालों की तादाद बढ़कर 78 हो गई है। उत्तरी सिक्किम में मलबे से कुछ लाशें मिली हैं जबकि कुछ घायलों की अस्पतालों में मौत हो गई।" बुधवार रात तक मरने वालों की संख्या 68 थी।

राज्य में भारी बारिश के कारण कई स्थानों पर और भूस्खलन हुआ है। इससे राष्ट्रीय राजमार्ग 31 ए पर परिवहन अवरुद्ध हो गया है। मलबे को हटाकर सड़क मार्ग दोबारा शुरू करने की दिशा में काम जारी है। गुरुवार को केंद्रीय गृह मंत्री पी. चिदम्बरम यहां पहुंचेंगे। वह भूकम्प से यहां हुई तबाही का जायजा लेंगे। रविवार को यहां 6.8 तीव्रता का भूकम्प आया था। चिदम्बरम यहां एक अस्पताल में घायलों से मुलाकात करेंगे और बुरी तरह प्रभावित उत्तर सिक्किम का हवाई सर्वेक्षण करेंगे। वह मुख्यमंत्री पवन कुमार चामलिंग के साथ एक बैठक भी करेंगे।

Posted by Unknown on 23:50. Filed under , . You can follow any responses to this entry through the RSS 2.0. Feel free to leave a response

0 comments for "सिक्किम भूकम्प में मरने वालो की तादाद बढ़कर 78 हुई"

Leave a reply