|

इराक युद्ध समाप्त - अमेरिका की अंतिम सैन्य टुकड़ी रवाना

अमेरिका की अंतिम सैन्य टुकड़ी
कुवैत सिटी | अमेरिका की अंतिम सैन्य टुकड़ी इराक से कूच कर गई और यह रविवार को पड़ोसी देश कुवैत पहुंच गई। इसके साथ ही नौ वर्षो बाद इराक से अमेरिकी सेना की पूर्ण वापसी हो गई है। अमेरिका की आखिरी सैन्य टुकड़ी में शामिल करीब 500 जवान 100 बख्तरबंद वाहनों में सवार होकर रविवार सुबह पड़ोसी देश कुवैत पहुंचे। यहां से वह अमेरिका के लिए उड़ान भरेंगे। इससे पहले गुरुवार को इराक की राजधानी बगदाद में अमेरिकी सैन्य ठिकाने से अमेरिका का झंडा उतार लिया गया। इस अवसर पर अमेरिकी रक्षा मंत्री लियोन पेनेटा मौजूद थे। बगदाद पर व्यापक विनाश के हथियार रखने का आरोप लगाते हुए अमेरिका ने वर्ष 2003 में इराक पर हमला किया था। अमेरिकी सैन्य बलों ने इराक के तत्कालीन राष्ट्रपति सद्दाम हुसैन की सरकार गिरा दी थी। दिसम्बर 2006 में अमेरिका ने सद्दाम को फांसी दे दी थी।

इराक में वर्ष 2003 से अब तक पिछले नौ साल के युद्ध में करीब 4,500 अमेरिकी सैनिक और एक लाख से अधिक इराकी नागरिकों की जान गई। इस अभियान पर सैकड़ों अरब डॉलर खर्च हुए। बताया जाता है कि एक समय इराक में एक लाख 70 हजार से ज्यादा अमेरिकी सैनिक मौजूद थे और इसके 500 अड्डे थे। अमेरिका के बगदाद दूतावास में अब भी हालांकि 15000 कर्मचारी मौजूद हैं। 
अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने अक्टूबर में घोषणा की थी कि सभी अमेरिकी सैनिक वर्ष 2011 के अंत तक स्वदेश लौट आएंगे। पूर्व राष्ट्रपति जार्ज बुश ने 2008 में यह समय-सीमा तय की थी। 

Posted by Unknown on 10:40. Filed under , . You can follow any responses to this entry through the RSS 2.0. Feel free to leave a response

0 comments for "इराक युद्ध समाप्त - अमेरिका की अंतिम सैन्य टुकड़ी रवाना"

Leave a reply