|

माउंट हर्मन स्कूल के कर्मचारी अनशन पर

दार्जिलिंग। स्थानीय माउंट हर्मन स्कूल के कर्मचारियों ने क्रमिक अनशन शुरू कर दिया है। यह अनशन तीन दिन तक चलेगा और इसमें सभी कर्मचारी भाग लेंगे। उनका आरोप है कि पांचवें वेतन आयोग के अनुसार उन्हें वेतन नहीं मिल रहा है और स्कूल प्रबंधन लगातार उनसे हीलाहवाली कर रहा है। कर्मचारी संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि इस मसले पर स्कूल संचालन से जुड़े लोगों ने शीघ्र निर्णय नहीं लिया तो आने वाले दिनों में आंदोलन को तेज किया जाएगा। संगठन के अध्यक्ष इंद्र बहादुर राई ने बताया कि स्कूल में कार्यरत कर्मचारियों को कई वर्षो से इस विषय पर आश्वासन दिया जा रहा है, लेकिन यह वर्ष भी बीतने वाला है और कोई भी निर्णय नहीं निकला है। संगठन ने इस बारे में प्रबंधन से जुड़े अधिकारियों को कई बार अवगत कराया है। इसके बावजूद कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। यह कदम कर्मियों ने मजबूरी में उठाया है। माउंट हर्मन स्कूल में 104 कर्मचारी हैं और आने वाले दिनों में सभी कर्मचारी भाग लेंगे। इसके लिए आम सहमति पूर्व में बैठक करके हो चुकी है।
यह अनशन 24 घंटे तीन दिन तक चलेगा। इसके बावजूद स्कूल प्रशासन ने सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन तेज किया जाएगा। उन्होंने बताया कि अनशन में 19 कर्मचारियों ने भाग लिया है। अन्य कर्मी कार्य कर रहे हैं, लेकिन यह अगले चरण के आंदोलन में सक्रिय रूप से भाग लेंगे। दूसरी ओर, स्कूल के प्राचार्य जे फर्नाडिस ने कहा कि कर्मचारियों की मांगें पूरी करना उनके वश की बात नहीं है। उन्होंने बताया कि कर्मचारियों की मांगों की जानकारी स्कूल की प्रबंध समिति और प्रशासन को है। इसके बावजूद हर संभव प्रयास से कर्मचारियों की सुविधा का ख्याल रखा जा रहा है। कर्मचारियों को यह बात भलि-भांति पता है कि सरकार से स्कूल को किसी भी प्रकार का सहयोग नहीं मिलता है। ऐसे में छात्रों की फीस से उनके रहने-खाने, पढ़ने आदि के इंतजाम के अलावा अन्य सुविधाएं देनी पड़ती हैं। ऐसे में कर्मियों की मांगें मानना कठिन है। उन्होंने कहा कि वह कर्मचारियों के साथ वार्ता करने को तैयार हैं। इस स्कूल की स्थापना 11 मार्च 1895 में हुई थी। यहां पढ़ने के लिए देश-विदेश से छात्र आते हैं।

Posted by Unknown on 21:53. Filed under , . You can follow any responses to this entry through the RSS 2.0. Feel free to leave a response

0 comments for "माउंट हर्मन स्कूल के कर्मचारी अनशन पर"

Leave a reply