|

गोजमुमो विधायक जाएंगे सिक्किम - विमल गुरुंग

दार्जिलिंग। सिक्किम के दर्द को पहाड़ भी महसूस कर रहा है। इस राज्य से दार्जिलिंग सहित पूरे हिल्स का पुराना और खून का रिश्ता है। वहां लोगों की पीड़ा जानने और उनका हाल जानने के लिए शीघ्र गोरखा जनमुक्ति मोर्चा के चारों विधायक सिक्किम जाएंगे। वहां प्रतिनिधिमंडल पीड़ितों से बातचीत करेगा और अपने स्तर से हर सहायता देगा। यह जानकारी मंगलवार को बातचीत के दौरान गोरखा जनमुक्ति मोर्चा प्रमुख विमल गुरुंग ने दी। उन्होंने बताया कि सिक्किम सहित पूरे भारत में कई स्थानों पर भूकंप के झटके महसूस किये गए और पहाड़ इससे अछूता नहीं है। हालांकि सिक्किम में जानमाल की ज्यादा क्षति हुई है। कई लोगों की जान चली गई और कई लोग बेघर हो गए। मुख्यमंत्री पवन चामलिंग सेना लोगों के लिए राहत कार्य कर रही है।

इसके अलावा शीघ्र ही गोरखा जनमुक्ति मोर्चा के प्रतिनिधिमंडल में दार्जिलिंग के विधायक त्रिलोक देवान, कर्सियांग डॉ। रोहित शर्मा, कालिम्पोंग डॉ. हर्क बहादुर क्षेत्री व कालचीनी से विल्सन चंप्रामारी सहित अन्य मोर्चा के पदाधिकारी सिक्किम जाएंगे। विमल गुरुंग ने बताया कि पहाड़ में भी करोड़ों की संपति का नुकसान हुआ है। इसके लिए शासन स्तर पर प्रयास किया जा रहा है और मोर्चा भी पीड़ितों की सूची बना रहा है। मोर्चा नेता दार्जिलिंग, कर्सियांग, कालिम्पोंग आदि क्षेत्रों में ध्वस्त हुए घरों और पीड़ितों की सूची बना रहे हैं। इसे तैयार करके शासन के पास भेजा जाएगा और लोगों को सहायता दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सोमवार को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पहाड़ के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा किया और उन्होंने साफ कर दिया कि वह पहाड़ में राहत कार्यो में कोई लापरवाही नहीं बरती जाएगी। इसके अलावा दार्जिलिंग के सांसद जसवंत सिंह को भी इसकी जानकारी दे दी गई है और उन्होंने आश्वस्त किया है कि वह संपूर्ण रिपोर्ट तैयार करने के बाद आपदा प्रबंधन को यह सौंपकर यहां के लोगों को मदद दिलाने का प्रयास करेंगे।

Posted by Unknown on 11:06. Filed under , , , , . You can follow any responses to this entry through the RSS 2.0. Feel free to leave a response

0 comments for "गोजमुमो विधायक जाएंगे सिक्किम - विमल गुरुंग"

Leave a reply