|

भारत से रिश्तों की मजबूती चाहता है नेपाल - बांसकोटा

देहरादून। नेपाल भारत को अपना अभिन्न सहयोगी मानता है। नेपाल की समृद्धि के लिए वह भारत के साथ कारोबारी रिश्ते और अधिक मजबूत करना चाहता है। वह चाहता है कि भारत के सहयोग से नेपाल में शिक्षा, सड़क, संचार, स्वास्थ्य, उद्योग का बेहतर नेटवर्क खड़ा हो और तरक्की के साथ ही रोजगार के अवसर बढ़ें। इस कड़ी में नेपाल में 'विशेष औद्योगिक क्षेत्र' विकसित करने का इरादा है और इसमें वह भारत का सहयोग चाहता है। इसके लिए रविवार को प्रधानमंत्री डॉ. बाबूराम भट्टराई की अगुवाई में आए उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने उत्तराखंड के हरिद्वार में सिडकुल क्षेत्र का दौरा कर संभावनाएं टटोलीं।
नेपाल
के प्रधानमंत्री डॉ. बाबूराम भट्टराई के साथ भारत आए उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल में शामिल वित्त सचिव कृष्णहरि बांसकोटा ने राजभवन में पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में यह बात कही। बांसकोटा ने कहा कि दोनों देशों के बीच सनातनी रिश्ता रहा है और एक-दूसरे की जरूरतें भी समान हैं। नेपाल चाहता है कि यह संबंध और अधिक मजबूत हों। खासतौर से आर्थिक मामलों में। इस सिलसिले में प्रधानमंत्री डॉ. भट्टराई की भारत के प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के साथ वार्ता भी हुई है। बांसकोटा ने बताया कि नेपाल का अपने यहां विशेष औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने का इरादा है। इसके लिए आधारभूत ढांचा, इन्वेस्टमेंट, सरकार की ओर से रियायतें, पर्यावरणीय व आर्थिक पहलू, सुविधाएं समेत अन्य बिंदुओं की जानकारी के लिए नेपाल के प्रधानमंत्री के नेतृत्व में रविवार को हरिद्वार सिडकुल का निरीक्षण कर जानकारी ली गई। उन्होंने कहा कि इन पर मंथन के बाद नेपाल में भारत के अनुभवों का लाभ उठाया जाएगा।


Posted by Unknown on 02:27. Filed under . You can follow any responses to this entry through the RSS 2.0. Feel free to leave a response

0 comments for "भारत से रिश्तों की मजबूती चाहता है नेपाल - बांसकोटा"

Leave a reply